आधार पंजीकरण केंद्र का हुआ उद्घाटन

पाकुड़िया। प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख कालिदास मरांडी, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, पंचायत मुखिया अनीता सोरेन, समिति सदस्य नजरुल इस्लाम ने संयुक्त रूप से आधार पंजीकरण केंद्र का उद्घाटन नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर किया किया। मौके पर बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय परिसर में आधार पंजीकरण केंद्र का पुनः चालू हो जाने से आमजनों को सहूलियत होगी। पाकुड़ उपायुक्त के निर्देशानुसार फिर से आधार पंजीयन केंद्र को चालू किया गया है। प्रखंड के लोगों को आधार कार्ड बनवाने, आधार से मोबाइल नंबर जोड़ने या उसमें सुधार करने संबंधी कार्य करने में काफी मदद मिलेगी। कहा कि लोग मुख्यालय पहुंचकर अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ आधार कार्ड से जुड़े कार्यों को भी बड़ी सुगमतापूर्वक कर सकेंगे। वर्तमान समय में आधार कार्ड की उपयोगिता हर जगह है। बैंक खाता से नामांकन तक में आधार कार्ड अनिवार्य है। मौके पर बीडीओ ने सभी आमजनों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों का आधार अपडेट, सुधार या आधार कार्ड अभी तक नहीं बना है वे आधार पंजीकरण केंद्र आकर अपना आधार कार्ड जरूर बनवाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की हरेक योजनाओं के लाभ में आपको आधार कार्ड की आवश्यकता पड़ेगी। इसलिए यह आवश्यक हो जाता है कि आप अपना आधार कार्ड बनवा लें या आधार कार्ड में कोई गड़बड़ी है तो उसे ठीक करवा लें जिससे योजनाओं के लाभ मिलने में आसानी हो। वहीं मौके पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस कार्य के लिए पाकुड़ उपायुक्त एवं बीडीओ को धन्यवाद दिया। मौके पर सहायक अभियंता रोहित गुप्ता, बीपीओ जगदीश पंडित, कनिय अभियंता लालू रविदास, हिरदानंद भगत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *