अनशन के दबाव में प्रशासन हरकत में, पांकी में यातायात सुधार को लेकर बड़े फैसले
पांकी/पलामू।पांकी मुख्य सड़क पर लगातार लगने वाले जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर हुए शांतिपूर्ण अनशन का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। कुमार अविनाश उर्फ प्रिंस सिंह के नेतृत्व मे आंदोलन के बाद प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए प्रखंड मुख्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की, जिसमें यातायात व्यवस्था सुधार और बाजार क्षेत्र को जाम से मुक्त करने के लिए कई कड़े और व्यावहारिक निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, अनशन में शामिल समाजसेवी, टेम्पो-ऑटो चालक संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स, बाजार सुरक्षा समिति, बस संचालक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य पांकी को रोज़मर्रा की अव्यवस्था से निजात दिलाना बताया गया।
मुख्य मार्गों पर पार्किंग पर पूर्ण रोक
बैठक में निर्णय लिया गया कि कर्पूरी ठाकुर चौक से शहीद भगत सिंह चौक, से अंबेडकर चौक तथा भगत सिंह चौक से मस्जिद एवं बंधन बैंक तक की पक्की (पीसीसी) सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े नहीं किए जाएंगे। सड़क के बाहर भी वाहन केवल निर्धारित और अनुशासित ढंग से ही पार्क किए जाएंगे, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
नो-पार्किंग ज़ोन और पुलिस तैनाती
कर्पूरी ठाकुर चौक एवं शहीद भगत सिंह चौक के 20 मीटर के दायरे को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित किया गया है। यहां सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक पुलिस बल की नियमित तैनाती रहेगी, ताकि नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके।
टेम्पो संचालन की नई रूपरेखा
यातायात दबाव कम करने के लिए टेम्पो परिचालन को भी व्यवस्थित किया गया है।
मेदिनीनगर से आने वाले टेम्पो लालू मैदान में रुकेंगे।
लोहरसी से आने वाले टेम्पो मस्जिद से पहले बंधन बैंक के पास खड़े होंगे।
ताल की ओर से आने वाले टेम्पो थाना रोड होकर बकरी बाजार में खड़े किए जाएंगे।
पुराना ब्लॉक रोड से आने वाले टेम्पो अंबेडकर चौक से पहले मझौली रोड में रुकेंगे।
राम जानकी मंदिर के सामने बाजार क्षेत्र में किसी भी टेम्पो के खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।इसके साथ ही टेम्पो चालकों को सड़क पर रुक-रुक कर सवारी उतारने-चढ़ाने से भी मना किया गया है।
बड़ी गाड़ियों और मालवाहकों पर भी नियंत्रण
डाल्टेनगंज रूट की बड़ी गाड़ियां शहीद चौक पर एक-एक कर खड़ी होंगी और चौक पर बैक करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रांची एवं बनारस रूट की बसें अपने निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही स्टैंड में लगाई जाएंगी।वहीं मालवाहक वाहनों के लिए तय किया गया है कि वे सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्र में माल लोड-अनलोड नहीं करेंगे।
व्यापारियों और सब्जी विक्रेताओं को सख्त निर्देश
व्यवसायियों को निर्देश दिया गया कि वे पीसीसी सड़क पर दुकान का विस्तार न करें। साथ ही सब्जी विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से कहा गया कि वे पक्की सड़क पर दुकान न लगाकर सब्जी मार्केट में ही अपना व्यवसाय संचालित करें।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ललित प्रसाद सिंह, प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उप-प्रमुख अमित चौहान, पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, मुकेश सिंह चंदेल, पांकी पूर्वी मुखिया प्रेम प्रसाद, भाजपा नेत्री मंजुलता दुबे, शायमनंदन ओझा, शौकत अंसारी, अबुल हसन, आफताब आलम, चंद्रशेखर सिंह, दिलीप ठाकुर, टेम्पो चालक संघ अध्यक्ष रंजीत पासवान, उमेश गुप्ता, महावीर प्रसाद, डब्लू गुप्ता, उदय प्रसाद सिंह, प्रमोद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।










