अंबेडकर स्थल भुरकुंडा में श्रद्धा के साथ मनाई गई संत शिरोमणि रैदास जी की 649वीं जयंती
भुरकुंडा।अंबेडकर विकास विचार मंच के तत्वावधान में रविवार को संत शिरोमणि रैदास जी की 649वीं जयंती समारोह भुरकुंडा स्थित अंबेडकर स्थल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए और संत रैदास के मानवतावादी विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मनोज राम उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ पुरोहित शिवनंदन दास एवं यजमान ज्ञानी राम द्वारा संत शिरोमणि रैदास के चित्र पर पूजा-अर्चना कर किया गया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि मनोज राम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए मनोज राम ने कहा कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्म से महान बनता है। संत शिरोमणि रैदास ने अपने श्रेष्ठ कर्म, भक्ति और मानवतावादी विचारों के कारण समाज में विशेष स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संत रैदास द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। समारोह के अंत में प्रसाद वितरण के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर पूजा कमेटी अध्यक्ष विजय मेहरा, राजन राम, बालेश्वर राम, रविंद्र दास, मुखिया अजय पासवान, जगरनाथ पासवान, आजाद भुईयां, राजेन्द्र राम, प्रकाश राम, कंचन दास, अरविन्द राम, गोपेश्वर राम, ओम प्रकाश राम, महावीर राम, शिव कुमार राम, राजकुमार दास, किशोर कुमार सहित दर्जनों गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।










